श्री नयना देवी माथा टेकने पहुंचे बिजली बोर्ड इंप्लाइज यूनियन के पदाधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। प्रदेश में बिजली बोर्ड के कार्यों को निजी हाथों में सौंपने और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया का बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन ने विरोध जताया है। बिजली बोर्ड इंप्लाइज यूनियन के पैटर्न हीरा लाल वर्मा ने कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था लागू होने से प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ेगी और युवाओं के रोजगार के अवसर कम होंगे।
श्री नयना देवी मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे हीरा लाल वर्मा ने कहा कि प्रदेश में बिजली बोर्ड का एक बड़ा हिस्सा निजी कंपनियों को दिया जा रहा है और अब स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिसका प्रदेश की जनता भी विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने से बिजली बोर्ड में नई भर्तियां बंद हो सकती हैं, जबकि प्रदेश में पहले से ही बेरोजगारी की समस्या गंभीर है। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि स्मार्ट मीटर लगाने ही हैं तो इन्हें औद्योगिक क्षेत्रों में लगाया जाना चाहिए, जहां बिजली की खपत अधिक होती है। गांवों में स्मार्ट मीटर लगाने का कोई विशेष औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि औद्योगिक क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएं तो यह कार्य किसी निजी कंपनी की बजाय विद्युत बोर्ड स्वयं करे। इससे पहले यूनियन के पदाधिकारियों ने माता के मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद बिजली कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। हीरा लाल वर्मा ने कहा कि स्मार्ट मीटर प्रणाली में कई खामियां हैं और प्रदेश की जनता में इसे लेकर संशय बना हुआ है। इस अवसर पर यूनियन के महासचिव प्रशांत शर्मा, मुख्य सलाहकार यशवंत चौहान, उपप्रधान मुनिलाल ठाकुर, संयुक्त सचिव रंगीन वर्मा, सचिव जोगिंदर सिंह, जिला उप प्रधान विशाल शर्मा, गोल्डी ठाकुर, विनोद कुमार, जितेंद्र ठाकुर आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।