श्री नयना देवी जी में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करते सांसद अनुराग सिंह ठा
श्री नयना देवी में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, अनुराग ठाकुर रहे मुख्यातिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी स्थित मातृ सदन भवन में शनिवार को भाजपा मंडल की ओर से नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि और विधायक रणधीर शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषद के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दें और केंद्र व राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांवों के विकास में महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके सहयोग से क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। विधायक रणधीर शर्मा ने भी नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए पंचायत प्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
अपने संबोधन के दौरान अनुराग ठाकुर ने पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए इसे कांग्रेस सरकार के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश बताया। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय निकाय चुनावों में मिली सफलता से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है।