घुमारवीं से कंदरौर बाया तरौंतड़ा, टकरेड़ा, रोपा और पनोह सड़क पर गश्त की मांग
गांवों में बढ़ती वारदातों से लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांव टकरेड़ा गांव में चोरी की एक गंभीर घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सेवानिवृत्त शास्त्री अध्यापक ठाकुर दास शर्मा की मारुति कार को निशाना बनाते हुए उसके नए टायर चोरी कर लिए। यह घटना बीती रात उस समय हुई, जब कार रोजाना की तरह गांव के महिला मंडल भवन के पास खड़ी की थी।
रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए चोरों ने बेहद शातिर तरीके से गाड़ी के पिछले दोनों नए टायर खोल लिए और उनकी जगह पुराने टायर लगा दिए। सुबह जब वाहन मालिक ने गाड़ी देखी तो चोरी का पता चला। इस घटना के बाद पूरे गांव में रोष और भय का माहौल बन गया है। पीड़ित ठाकुर दास शर्मा ने बताया कि अब चोरी की घटनाएं केवल शहरों तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि गांवों में भी लगातार बढ़ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस थाना घुमारवीं में शिकायत दर्ज करवा दी है और चोरों को शीघ्र पकड़ने की मांग की है। घटना को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी कड़ा रोष जताया है। पंचायत उपप्रधान किशोरी लाल शर्मा, प्रधान अनीता कुमारी, पूर्व प्रधान अरविंद महाजन, वार्ड सदस्य पुष्पा देवी, प्रेम लाल शास्त्री, रामपाल, करतार सिंह, सुरेश कुमार, सुरेंद्र कुमार शर्मा, जगरनाथ धीमान, बृज लाल शर्मा, वार्ड सदस्य संजीवना देवी, सुभाष ठाकुर, प्यार सिंह सहित अन्य ने कहा कि घुमारवीं से तरौतड़ा, टकरेड़ा, पनोह लिंक रोड पर आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। घुमारवीं से कंदरौर बाया तरौंतड़ा, टकरेड़ा, रोपा और पनोह संपर्क सड़क पर रात्रि समय पुलिस गश्त बढ़ाने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और लोगों में विश्वास बहाल करने की मांग की है।