भाजपा के कार्यकाल में नहीं हो पाया बागछाल पुल का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव संदीप पंडित ने कहा कि कांग्रेस कमेटी के महासचिव विवेक कुमार और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में झंडूता विधानसभा में विकास की एक नई गाथा लिखी जा रही है।
शाहतलाई में आयोजित प्रेसवार्ता में संदीप पंडित ने कहा कि कोटधार क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 16 मार्च को झंडूता विधानसभा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाघछाल पुल का उद्घाटन भी किया। इसका लाभ कोटधार क्षेत्र के साथ झंडूता, बरठीं, घुमारवीं, शाहतलाई, लठियाणी, बड़सर, हमीरपुर, कांगड़ा, धर्मशाला सहित कई क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा। इस पुल का शिलान्यास तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया था। भाजपा सरकार की लापरवाही से पुल का निर्माण कई साल तक नहीं हो पाया। बाघछाल पुल का कार्य पूर्व कांग्रेस सरकार में वीरभद्र सिंह के प्रयासों से शुरू हुआ और वर्तमान में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इसका लोकार्पण किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल तलाई अध्यक्ष राजेश कौशल, नगर पंचायत तलाई मनोनीत पार्षद देवराज चंदेल, रविंद्र भाटिया और सोनू उपस्थित रहे ।