-पांच केंद्रों पर 1363 अभ्यर्थी हुए शामिल, 27 रहे अनुपस्थित
-कड़ी जांच के बाद परीक्षा केंद्र में दिया गया प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। चिकित्सा संस्थानों में मेडिकल कोर्स में दाखिले के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) रविवार को सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। परीक्षा के लिए जिले में 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 1363 अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा दी। परीक्षा में 27 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा में नकल रहित संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई। अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में सिर्फ एडमिट कार्ड और फोटो ही ले जाने दिया गया। उन्हें पैन परीक्षा हॉल के अंदर ही उपलब्ध करवाए गए। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:20 बजे तक हुई। दिव्यांग अभ्यर्थियों को एक घंटा अतिरिक्त दिया गया। उनकी परीक्षा 6 बजे खत्म हुई। परीक्षा देने के लिए बच्चे अभिभावकों के साथ सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गए थे। अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्र में प्रवेश देने से पहले एक बार हाथ से चेकिंग की गई। दूसरी बार मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। इस दौरान जूते और जेबें भी चेक की गईं। अभ्यर्थी पहले से ही दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार ही आधी बाजू की शर्ट में ही आए थे। 1:30 बजे के बाद किसी को परीक्षा केंद्र में अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। अभ्यर्थियों को जानकारी देने के लिए परीक्षा केंद्रों में स्पीकर भी लगाए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर यातायात और अन्य सुविधा के लिए पुलिस के जवान भी तैनात किए गए थे। पीएम श्री राजकीय बाल पाठशाला घुमारवीं में 237 अभ्यर्थी उपस्थित और 3 अनुपस्थित रहे। जेएनवी कोठीपुरा में 258 अभ्यर्थी उपस्थित और 6 अनुपस्थित रहे। राजकीय कन्या पाठशाला बिलासपुर में 257 अभ्यर्थी उपस्थित और 7 अनुपस्थित रहे। राजकीय कन्या पाठशाला घुमारवीं में 234 अभ्यर्थी उपस्थित और 4 अनुपस्थित रहे। पीएम श्री राजकीय बाल पाठशाला बिलासपुर में 377 अभ्यर्थी उपस्थित और 7 अनुपस्थित रहे।
इनसेट
उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों में परीक्षा की निष्पक्षता, सुरक्षा प्रबंधों और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बिलासपुर की छात्र पाठशाला के बाहर अभिभावकों के साथ सीटिंग प्लान देखती एक अभ्यर्थी। संवाद
बिलासपुर की छात्र पाठशाला के बाहर अभिभावकों के साथ सीटिंग प्लान देखती एक अभ्यर्थी। संवाद