विद्यालय परिसर में सफाई कर दिया स्वच्छ भारत का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश( बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गेहड़वीं में बुधवार को एनसीसी कैडेट की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विद्यालय परिसर में व्यापक स्तर पर सफाई कर विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कैडेट ने विद्यालय की कक्षाओं, खेल मैदान और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर कचरा एकत्रित किया और उसके उचित निपटान की व्यवस्था की। इस दौरान कैडेट ने स्वच्छता ही सेवा है का संदेश देते हुए सभी विद्यार्थियों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के एएनओ अतुल सिंह ने कैडेट का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के महत्व की भी जानकारी दी। विद्यालय प्रशासन ने एनसीसी कैडेट्स की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, अनुशासन और सामाजिक चेतना की भावना विकसित होती है। अभियान के दौरान कैडेट में उत्साह और टीमवर्क देखने को मिला।