प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को करना होगा ऑनलाइन पंजीकरण
बेरोजगारी, नशा मुद्दों पर आधारित वक्तव्य देकर प्रतिभागियों को दिखानी होगी प्रतिभा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। यंग इंडिया बोल सीजन-5 कार्यक्रम की शुरुआत बिलासपुर में हुई। इस मौके पर ब्लॉक युवा कांग्रेस के अध्यक्ष माही और सदर अध्यक्ष थूमन ठाकुर ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एक आम घर का अच्छा वक्ता राष्ट्रीय स्तर का प्रवक्ता बन सकेगा।
इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को 250 रुपये का ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले को 50 हजार रुपये की नकद राशि, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 40 हजार रुपये और तृतीय स्थान पाने वाले को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। महिला प्रतिभागी के लिए विशेष प्रोत्साहन के तहत प्रथम स्थान पाने वाली को 40 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। यंग इंडिया बोल कार्यक्रम के अंतर्गत थीम बेरोजगारी और नशा रखी गई है। इन्हीं मुद्दों पर आधारित वक्तव्य देकर प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वालों को क्रमशः राष्ट्रीय प्रवक्ता, राज्य प्रवक्ता और जिला प्रवक्ता के रूप में चयनित किया जाएगा। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष उमर, जिला महासचिव बिलाल, रवि, बिलासपुर शहरी अध्यक्ष अभय, शहरी उपाध्यक्ष कमल, एनएसयूआई कैंपस अध्यक्ष जुनैद, मोहित, विकास और हर्षित सहित अन्य युवा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में युवा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन वर्तमान स्थिति में एक वर्ष में दो लाख युवाओं को भी नौकरी नहीं मिल रही है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाकर समाधान के प्रयास किए जाएंगे। सदर ब्लॉक अध्यक्ष माही ने बताया कि इस कार्यक्रम को लोगों के घर-घर तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक युवा इस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन कर सकें।