युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, एकता की भावना बढ़ाने के लिए माई भारत की पहल
अभियान में कराई जाएंगी सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सरदार बल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार और माई भारत की ओर से सरदार150 यूनिटी मार्च राष्ट्रीय पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाने, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाने और देश में एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 6 अक्तूबर को इस अभियान का डिजिटल शुभारंभ माई भारत पोर्टल पर किया। अभियान में सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन और सरदार 150 यंग लीडर प्रोग्राम जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इस कार्यक्रम के 150 विजेताओं को राष्ट्रीय पदयात्रा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। अभियान के पहले चरण में 31 अक्तूबर से 15 नवंबर तक जिला स्तरीय पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। इसके पहले स्थानीय स्कूल और कॉलेजों में निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, सरदार पटेल के जीवन पर संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक और नशामुक्त भारत शपथ जैसी गतिविधियां करवाई जाएंगी। इसके साथ ही स्वदेशी मेला और गर्व से स्वदेशी संकल्प के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर की पदयात्रा 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया तक 152 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। पदयात्रा के दौरान 150 पड़ावों पर सरदार पटेल के जीवन और भारत की विविध संस्कृति को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी और उत्सव होंगे। सभी इच्छुक युवा और नागरिक इस ऐतिहासिक पहल में भाग लेने के लिए माई भारत पोर्टल https://mybharat.gov.in/pages/unity_march पर पंजीकरण कर सकते हैं। जिला युवा अधिकारी माई भारत केंद्र, बिलासपुर ने देशभर के युवाओं से इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।