हिमाचली बोलियों के प्रसार प्रचार और उनके संरक्षण के लिए सूबे के कलाकारों द्वारा बनाई गई फिल्म नट्ठ भज फिल्म 11 नवंबर से लेकर 15 तक बिलासपुर में लोगों को दिखाई जाएगी।
यह फिल्म मोबाइल थियेटर के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाएगी। बिलापुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में फिल्म के हीरो मोहित सिंह परमार और अभिनेत्री मीनाक्षी चोपड़ा ने बताया कि फिल्म 2 घंटे की है।
जय माता दी प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म को दूसरे चरण में प्रदेश के अन्य 30 शहरों में मोबाइल थियेटर के माध्यम से दिखाया जाएगा।
पहले चरण में फिल्म बिलासपुर, मंडी, कुल्लू, हमीरपुर, सुजानपुर, नादौन, घुमारवीं, सरकाघाट, भुंतर, जोगिंद्र नगर, बैजनाथ, पालमपुर, कांगड़ा, धर्मशाला, शाहपुर, नूरपुर, ज्वाली, देहरा, बनीखेत और चंबा में दिखाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह फिल्म एक फैमिली ड्रामा है, जिसमें प्यार-तकरार, हंसी-मजाक और एक्शन सहित सबकुछ देखने को मिलेगा। फिल्म के गीत इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा और गीता भारद्वाज ने गाए हैं।
फिल्म के पीआर मैनेजर अभिषेक ने बताया कि फिल्म को राजेंद्र कौशल ने निर्देशित किया है। 70 लाख रुपए के बजट से बनी इस फिल्म के निर्माता प्रशांत ठाकुर हैं। फिल्म में परिवार जागीदार है, तो दूसरा परिवार एक ब्रिगेडियर का है।
जागीदार के बेटे को ब्रिगेडियर की बेटी से प्यार हो जाता है। ब्रिगेडियर अपनी बेटी की शादी फौजी सरदार परिवार में करना चाहता है। उन्होंने बताया कि फिल्म का हीरो लड़की के बाप को पटाने के लिए सरदार का रूप धारण लड़की के बाप से झूठा ड्रामा करके शादी के लिए राजी कर लेता है।