श्री नयना देवी जी में माथा टेकने पहुंचे श्रद्घालु।
- फोटो : अमर उजाला
विश्व विख्यात शक्ति पीठ श्री नयना देवी में चैत्र नवरात्रों के तीसरे दिन 15 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने मां नयनादेवी के दर्शन किए। वीरवार को हजारों की संख्या में मां नयनादेवी मंदिर में पहुंचे भक्तों ने घंटों कतारों में खड़े होकर मां के पावन दर्शन किए।
इस दौरान भक्तों ने मां नयनादेवी के जयकारे लगाकर पूरे क्षेत्र को भक्तिरस में डूबो दिया। नवरात्र मेलों में अब हर रोज भक्तों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। देश विदेश से सहित प्रदेश और बाहरी राज्यों से बड़ी तादात में श्रद्धालु मां के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं।
मंदिर न्यास के अनुसार दूसरे नवरात्र पर साढ़े लाख के करीब चढ़ावा श्रद्धालुओं ने चढ़ाया। मंदिर अधिकारी मदन सिंह चंदेल ने बताया की नवरात्र के दूसरे दिन मंदिर न्यास को चढ़ावे के रूप में 6 लाख 51 हजार रुपये नगद, 0.50 मिलीग्राम सोना और 1.30 किलोग्राम चांदी दरबार में भेंट किया है।
वहीं, मेला पुलिस अधिकारी बलदेव दत्त ने बताया की मेले के दौरान कानून व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। कानून व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है और पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात हैं।
उन्होंने इस मौके पर पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहायता के लिए पुलिस जवान तत्पर हैं। जबकि नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी पीसी शर्मा ने दुकानदारों और लंगर कमेटियों से साफ-सफाई का ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। ताकि मेले के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना श्रद्धालुओं को न करना पड़े।