फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: नम्होल उप तहसील स्टाफ की कमी, एक बाबू के सहारे चल रहा काम

Fri, 30 Jan 2026 11:35 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
18 पंचायतों व 117 गांवों का राजस्व कार्य बुरी तरह प्रभावित
विज्ञापन

वरिष्ठ सहायक सहित कई पद लंबे समय से खाली

संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के तहत नम्होल उप तहसील इन दिनों स्टाफ की कमी से जूझ रही है। हालात ऐसे हैं कि पूरी उपतहसील का कामकाज मात्र एक बाबू के सहारे चल रहा है, जिससे 117 गांवों के लोगों का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
विज्ञापन

नम्होल उप तहसील के अंतर्गत स्याहोला, निहारखन बासला, भोली, दियोथ, रानी कोटला, खारसी, धुनी पंजैल, घ्याल, नम्होल, छकोह सहित कुल 18 पंचायतों का क्षेत्र आता है। यहां राजस्व से जुड़े प्रमाण पत्र, इंतकाल, जमाबंदी, सम्मन और अन्य जरूरी कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। उप तहसील में वरिष्ठ सहायक सहित चार क्लर्कों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से दो पद लंबे समय से खाली हैं। वहीं वरिष्ठ सहायक को पिछले करीब चार महीनों से बिलासपुर में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है, जिससे कार्यालय का प्रशासनिक संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया है। इतना ही नहीं, उप तहसील में दो सेवादार और एक जमादार का पद स्वीकृत है, लेकिन तीनों पद खाली पड़े हैं। इसके चलते अदालतों से जुड़े सम्मन, नोटिस और फील्ड से संबंधित कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। रानी कोटला पंचायत के प्रधान परस राम ठाकुर सहित रमेश चंद, दयाराम, गीता राम, लेख राम व अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से कड़ा रुख अपनाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नम्होल उप तहसील में खाली पद नहीं भरे जाते, तो उनकी पंचायतों को सदर तहसील बिलासपुर के साथ जोड़ा जाए, ताकि लोगों को समय पर सेवाएं मिल सकें। इस संबंध में नम्होल उप तहसील के नायब तहसीलदार राजेंद्र कुमार महाजन ने बताया कि खाली पदों की जानकारी समय-समय पर उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है। पदों को भरना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है, निर्णय उच्च स्तर से ही लिया जाना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें