राज्य स्तरीय नलवाड़ मेले में एक व्यक्ति को केवल दो प्लॉट मिलेंगे। उपायुक्त एवं अध्यक्ष राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला मानसी सहाय ठाकुर ने बताया कि इन प्लॉटों का आवंटन कंप्यूटर के माध्यम से किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला के लिए दुकानों व प्लाटों का आवंटन 8 मार्च को सुबह 10 बजे लूहणु मैदान में किया जाएगा। 10 मार्च को डोम तथा झूला के लिए प्लॉटों की नीलामी 12 बजेे दोपहर उपमंडलाधिकारी सदर के कार्यालय में की जाएगी।
डोम प्लॉट के लिए 50 हजार रुपये तथा झूला प्लॅाट के लिए 20 हजार रुपये की धरोहर राशि बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से उपायुक्त एवं अध्यक्ष राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला बिलासपुर के पक्ष में 12 बजे तक जमा करवानी होगी। आवेदनकर्ता को पिछले तीन वर्षों के अनुभव का प्रमाण पत्र भी पेश करना होगा। जो व्यक्ति धरोहर राशि शर्त के अनुसार जमा नहीं करवाएगा वह बोली में भाग लेने के लिए पात्र नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति केवल दो ही प्लॉट ले सकता है जो कम्प्यूटर द्वारा आवंटित किया जाएगा। इसके लिए पहचान पत्र स्वयं बनवाना होगा तथा प्लॉट लेने वाले व्यक्ति को पहचान पत्र सहित पूरा मेले के दौरान उपस्थित रहना होगा अन्यथा मौके पर प्लॉट रद्द करने के बाद अन्य व्यक्ति को आवंटित किया जाएगा।
बोलीदाता को नीलामी की 50 प्रतिशत राशि बोली समाप्त होने पर मौके पर ही जमा करवानी होगी नहीं तो धरोहर राशि जब्त कर ली जाएगी। शेष 50 प्रतिशत बकाया राशि दो दिनों के भीतर जमा करवानी होगी। अन्यथा पहले जमा की गई 50 प्रतिशत राशि जब्त कर ली जाएगी।