अपनी लोक संस्कृति के लिए प्रसिद्ध बिलासपुर का राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला शुक्रवार को विधिवत रूप से शुरू हुआ। मेले का शुभारंभ वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने किया। मुख्यातिथि ने मेला ग्राउंड में बैल पूजन व खूंटा गाड़कर मेले का शुभारंभ किया।
इससे पूर्व मुख्यातिथि ने श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा बैल पूजन भी किया। सुबह करीब 11 बजे मुख्यातिथि ठाकुर सिंह भरमौरी श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में पहुंचे। जहां पूजा-अर्चना के बाद भारी जनसमूह के साथ पारंपरिक वाद्य यंत्रों की ध्वनियों और लोक कलाकारों के नृत्य के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पूरे शहर की परिक्रमा करने के बाद शोभायात्रा ऐतिहासिक लुहणू मैदान के मेला स्थल पर पहुंची। जहां मुख्यातिथि ने खूंटा गाड़ने व बैल पूजन के साथ झंडा फहराकर मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न विभागों व स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा लगाई गई विकासात्मक व अन्य प्रदर्शनियों का विधिवत रूप से उद्घाटन करके अवलोकन किया।
लोगों को संबोधित करते हुए वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि मेले, पर्व-त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं। प्राचीन लोक सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार व संवर्धन के लिए यह मेले महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेलों के आयोजनों से जहां हमारी नई पीढ़ी को रूबरू होने का अवसर मिलता, वहीं प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण भी होता है। ऐसे आयोजनों से राष्ट्रीय एकता, सद्भावना व बंधुत्व की भावनाओं को भी बल मिलता है। बिलासपुर के नलवाड़ी मेले का अपना अलग इतिहास है। उत्तम नस्ल के पशुओं की खरीद-फरोख्त के लिए मशहूर नलवाड़ी मेला उत्तर भारत के प्रसिद्ध मेलों में शुमार किया जाता रहा है।
वहीं, उपायुक्त एवं अध्यक्ष राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला आयोजन समिति ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए सभी प्रबंध किए गए हैं। मेले में आने वाले लोगों को हर संभव सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। मेले के दौरान छिंज, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताओं, उत्तम नस्ल के पशुओं का चयन व कृषि व बागवानी संबंधी प्रदर्शनियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी। इस दौरान धार-टटोह, हारकुकार, बरमाणा व कंदरौर के सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक वेशभूषा व मौलिक वाद्य यंत्रों के सामंजस्य में प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मेले के शुभारंभ पर राज्य योजना विकास एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष रामलाल ठाकुर, सदर विधायक बंबर ठाकुर, एसडीएम सदर डॉ. हरीश गज्जू, पुलिस अधीक्षक राहुल नाथ, कमलेंद्र कश्यप, अमरजीत, अमी चंद सोनी, सोमा देवी, ओपी गौतम, डॉ. बीरूराम किशोर, तिलक राज शर्मा व बाबूराम गौतम सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।