श्रावण अष्टमी मेले के पहले दिन श्री नयना देवी जी में दर्शनों के लिए कतारों में खड़े श्रद्धालु।
-श्रावण अष्टमी मेले के पहले दिन 55 हजार श्रद्धालुओं टेका माथा
-मंदिर क्षेत्र में लगाए गए हैं 90 लंगर
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्नयना देवी में शुक्रवार को श्रावण अष्टमी मेलों का धूमधाम से शुभारंभ हुआ। पहले दिन करीब 55 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। मेलों के चलते करीब 90 लंगर मंदिर क्षेत्र में लगाए गए हैं।
श्रावण अष्टमी मेले के पहले दिन नयना देवी मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट रात 2 बजे खोल दिए गए। 2 बजे से पहले ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार में लगना शुरू हो गईं। मां के दर्शन के लिए श्रद्धालु हिमाचल के साथ पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और अन्य प्रदेशों से भी पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पर नियंत्रण रखने में में मंदिर क्षेत्र में तैनात सुरक्षा कर्मियों, पुलिसकर्मियों, होमगार्ड के जवानों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। जत्थों में श्रद्धालुओं को दर्शनों के लिए भेजा गया। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। यज्ञ करके अपने घर परिवार के लिए सुख समृद्धि की कामना की। वहीं समाजसेवी संस्थाओं द्वारा कई प्रकार के लंगर लगाए गए हैं जहां पर श्रद्धालु इसका आनंद ले रहे हैं। मेला पुलिस अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मंदिर को नौ सेक्टरों में बांटा गया है। 800 से ज्यादा पुलिस और गृह रक्षक के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गए हैं। नयना देवी से कोलां वाला टोबा तक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। स्वास्थ्य की दृष्टि से छह उप स्वास्थ्य केंद्र लगाए गए हैं जो कि 24 घंटे लगातार श्रद्धालुओं की सेवा में लगे हैं।
श्रावण अष्टमी मेले के पहले दिन श्री नयना देवी जी में दर्शनों के लिए कतारों में खड़े श्रद्धालु।