विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे निशुल्क परामर्श, शाम को होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
सिरमौर के गायक रघुवीर सिंह सहित कई कलाकार देंगे प्रस्तुति
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। सीर उत्सव के अवसर पर 3 अक्तूबर को नागरिक चिकित्सालय परिसर घुमारवीं में बहु-विशेषज्ञ हेल्थ शिविर लगेगा। एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने बताया कि इस शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के नामी विशेषज्ञ चिकित्सक लोगों को निशुल्क परामर्श और उपचार प्रदान करेंगे।
इस स्वास्थ्य शिविर का प्रमुख उद्देश्य घुमारवीं और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध करवाना है। लोग लंबी दूरी तय किए बिना घर के पास ही स्वास्थ्य एवं चिकित्सा संबंधी जांच और परामर्श प्राप्त कर सकेंगे। शिविर में गैस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट विशेषज्ञ डॉ. बृज लाल शर्मा, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव शर्मा, हड्डी रोग के डॉ. भारत भूषण, मनोरोग के डॉ. रवि शर्मा, त्वचा रोग के डॉ. सौरभ शर्मा, नेत्र रोग के डॉ. निशांत वर्धन, कान-नाक-गला के डॉ. मंजीत सिंह, मेडिसिन के डॉ. विवेक, बाल रोग के डॉ. अभिनव गौतम, स्त्री रोग डॉ. दीक्षित राणा लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे। एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने बताया कि यह शिविर उन मरीजों के लिए विशेष अवसर है जो विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं घर के पास पाना चाहते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस सुविधा का लाभ उठाने का आह्वान किया।
सीर उत्सव के अवसर पर 3 अक्तूबर की शाम सांस्कृतिक संध्या होगी। प्रसिद्ध लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मनोरंजन करेंगे। प्रमुख कलाकार सिरमौर के गायक रघुवीर सिंह होंगे। गोपाल शर्मा, नरेश भारद्वाज, संजीव दीक्षित, सोनू सिंह एवं स्थानीय कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। बताया कि तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के मार्गदर्शन में आयोजित यह संध्या सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि स्थानीय लोक संस्कृति को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित होगी।