नम्होल में भव्य महावीर हनुमान दंगल में विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवान दांव पेंच दिखाकर मनोरंजन
रामलाल ठाकुर ने विजेता पहलवान किए सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नम्होल में सिया राम जन विकास समिति नम्होल और पशु मंडी किसान समिति के सौजन्य से महावीर हनुमान दंगल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संयोजक पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर और पूर्व कांग्रेस महासचिव विकास ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
दंगल का शुभारंभ हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना से किया गया। शोभायात्रा मेला ग्राउंड होते हुए दंगल तक पहुंची। पंजाब, हरियाणा और हिमाचल के नामी पहलवानों ने अखाड़े में दांव-पेच दिखाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। छोटी माली के विजेता सिद्धार्थ को 11 हजार और उपविजेता प्रिंस बाड़ा को 9 हजार रुपये दिए गए। बड़ी माली के विजेता मुकेश धवाल को 21 हजार जबकि उपविजेता प्रिंस समोह को 17 हजार रुपये देकर पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने सम्मानित किया।
रामलाल ने कहा कि इस तरह के पारंपरिक आयोजन हमारी संस्कृति और भाईचारे के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे दंगल और मेले नियमित रूप से आयोजित किए जाएं तो युवा पीढ़ी नशे जैसी बुराइयों से दूर रहेगी। विशेष अतिथि विकास ठाकुर ने भी आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम ग्रामीण खेल संस्कृति को जीवंत बनाए रखते हैं।