भराड़ी (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं में लोक निर्माण विभाग की लेटलतीफी का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पहली ही बारिश में दधोल-लदरौर वाया लैहरी सरेल सड़क दलदल में तबदील हो गई है। इसके चलते लोगों को आवागमन करने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
सड़क का कार्य दो महीने पहले शुरू हुआ था और 24 जून तक कार्य पूरा किया जाना था। लेकिन तय समय से 20 दिन अधिक बीत जाने के बाद भी सड़क का कार्य पूरा नहीं किया जा सका है। लोगों ने कहा कि विभाग को भलीभांति पता था कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है। इसके बावजूद विभाग ने समय पर कार्य पूरा नहीं किया। विभाग का सुस्त रवैया लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। दलदल में तब्दील हो चुकी सड़क पर आवाजाही करने को मजबूर हैं। सड़क पर वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि राहगीरों को अपने जूते और चप्पलें हाथ में पकड़कर सड़क पर सफर करना पड़ रहा है।
यहां तक की सड़क की दुर्दशा के कारण पिछले कई महीनों से परिवहन निगम ने अपनी बस सेवा बंद कर रखी है। इससे लोगों को और ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क की हालत को देखते हुए लोग अपने वाहन ले जाने से भी कतराने लगे हैं। दोपहिया वाहन चालक आए दिन सड़क पर फिसलकर गिर रहे हैं। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लगभग 15 किलोमीटर अधिक सफर तय करना पड़ रहा है।
कनिष्ठ अभियंता राकेश चंदेल ने बताया कि मौके पर जेसीबी भेज दी गई है। मिट्टी को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। सड़क का काम दूसरे छोर से चला हुआ है और जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा।