स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने के लगाए आरोप
विभाग ने दिए तुरंत सुधार के निर्देश, सड़क के बीच में मिट्टी के ढेर
बसों व भारी वाहनों की आवाजाही में रोजाना दिक्कत
रजनीश शर्मा
मलोखर (बिलासपुर)। मैस घाटी के नजदीक बैरी-नवगांव मुख्य सड़क पर पिछले काफी समय से बेतरतीब तरीके से डाले गए मलबे के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। सड़क के बीचोबीच पड़े मिट्टी और पत्थरों के ढेरों से खासकर बसों और अन्य भारी वाहनों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार डाला मोड़ से लेकर बैरी तक सड़क के विस्तारीकरण का कार्य प्रगति पर है, जिसे अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न ठेकेदारों के माध्यम से करवाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान कई स्थानों पर मलबा फेंककर उसे हटाने की व्यवस्था नहीं की गई, जिससे सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। स्थानीय निवासी हेमंत कुमार, अमर सिंह और हरीश कुमार ने बताया कि कई जगह सड़क के बीचोबीच मिट्टी के ढेर पड़े रहते हैं, जिससे न केवल यातायात बाधित होता है बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। उनका कहना है कि यदि मौके पर जिम्मेदार अधिकारियों की नियमित निगरानी होती तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि बड़ी परियोजनाओं में काम लेने के बाद कंपनियां सबलेटिंग के माध्यम से जिम्मेदारी अन्य ठेकेदारों को सौंप देती हैं, जिससे कार्य की गुणवत्ता और निगरानी प्रभावित होती है। ऐसे में आम जनता को यह भी स्पष्ट नहीं होता कि शिकायत किससे की जाए और समस्या का समाधान कौन करेगा।
स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क पर फैले मलबे और अधूरे कार्यों को तुरंत चिह्नित कर संबंधित पक्षों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता जगत राम ने बताया कि संबंधित स्थान पर किसी स्थानीय व्यक्ति की ओर से प्लॉट निर्माण के चलते मलबा डाला गया है। विभाग ने मलबा हटाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके अलावा सड़क पर बने गड्ढों को ठीक करने के लिए भी संबंधित ठेकेदार को आदेश दिए गए हैं, ताकि शीघ्र ही सड़क को सुचारु और सुरक्षित बनाया जा सके। संवाद