एनटीपीसी कोलडैम में आयोजित कार्यक्रम में 50 वेंडर हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एनटीपीसी कोलडैम ने परियोजना प्रभावित परिवारों के पंजीकृत वेंडर्स के लिए सूक्ष्म एवं लघु उद्यमी जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किया। यह पहल स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और प्रभावित परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से की गई।
शुभारंभ परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर ने किया। शिविर में एनएसआईसी मंडी से आए लोकेश भाटिया ने प्रतिभागियों को उद्यम पोर्टल के महत्व, पंजीकरण प्रक्रिया और सरकार द्वारा सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों को उपलब्ध कराए जाने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर पंजीकरण करने से वेंडर्स को सरकारी खरीद नीतियों, वित्तीय सहायता योजनाओं, प्रशिक्षण अवसरों और विपणन सहयोग जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सकता है। परियोजना प्रभावित सभी पंचायतों से आए लगभग 50 वेंडर्स ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। मौके पर ही उनकी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी की गई, जिससे उन्हें तुरंत लाभ मिला। एनटीपीसी कोलडैम प्रबंधन ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण और जागरूकता शिविर स्थानीय उद्यमियों को सशक्त बनाने के साथ क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी मदद करते हैं। इससे युवाओं में आत्मनिर्भरता की भावना बढ़ती है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं। इस अवसर पर महाप्रबंधक परिचालन एवं अनुरक्षण एसएसराव, मानव संसाधन प्रमुख उमेश कुमार,अपर महाप्रबंधक संविदा एवं सामग्री शशि कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने इस पहल को स्थानीय समुदाय के आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।