प्रभावित परिवारों को विशेष राहत पैकेज से मिलेगी आर्थिक मदद : उपायुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। मानसून के दौरान हुई भारी बारिश से जिले में तबाही का आलम रहा। इस अवधि में 101 कच्चे और पक्के मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि 313 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। यह जानकारी उपायुक्त राहुल कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार विशेष राहत पैकेज के तहत सभी प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण के लिए सात लाख रुपये तीन किस्तों में, जबकि आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए एक लाख रुपये की राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन ने सभी प्रभावित परिवारों को जल्द राहत पहुंचाने के लिए कार्य योजना तैयार की है। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया है ताकि किसी भी जरूरतमंद को सहायता से वंचित न रहना पड़े।