संगीत विभाग के पास घटना, सुरक्षाकर्मी ने किया बीचबचाव
उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बंदरों का बिलासपुर कॉलेज में आतंक बढ़ता जा रहा है। आए दिन बंदरों के हमलों और उनके डर से महाविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहता है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उनमें भय का वातावरण है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे महाविद्यालय के संगीत विभाग के समीप बीए प्रथम वर्ष की छात्रा मानसी पर बंदरों ने हमला कर दिया और उसे काटकर घायल कर दिया।
सुरक्षा कर्मी राकेश कुमार ने तत्परता दिखाते हुए छात्रा को बंदरों से बचाया और प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल को सूचना दी। प्राचार्य ने घायल छात्रा को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्राचार्य कटवाल ने बताया कि छात्रा की हालत पर नजर रखी जा रही है। घटना की जानकारी जिला प्रशासन को भी दे दी है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के कर्मचारी और विद्यार्थी आए दिन बंदरों के हमलों का शिकार हो रहे हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि महाविद्यालय परिसर में बढ़ते बंदरों के आतंक को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और शैक्षणिक गतिविधियां बिना किसी भय के संचालित हो सकें।