सिटी स्पोर्ट्स
नलवाड़ी मेला -2026 : बैडमिंटन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 के अंतर्गत आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विभिन्न वर्गों में आयोजित मुकाबलों में जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया। ओपन सिंगल वर्ग में मोहित ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि वंश को उपविजेता घोषित किया गया।
वहीं ओपन डबल्स मुकाबले में राहुल और अर्जुन की जोड़ी ने उत्कृष्ट तालमेल दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इस वर्ग में मोहित और प्रिंस की जोड़ी उपविजेता रही। अंडर-19 डबल्स वर्ग में रिधम और वंश की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता। हर्षित और दिशांत की जोड़ी ने भी कड़ा मुकाबला दिया, लेकिन उन्हें उपविजेता रहना पड़ा। सीनियर वर्ग के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा। 90 प्लस डबल्स वर्ग में कपिल और मनोज की जोड़ी विजेता बनी, जबकि अजितेश और ग्रुप कैप्टन आरएस राजपूत की जोड़ी उपविजेता रही। 80 प्लस डबल्स में मनोज और पवन ने बाजी मारी, जबकि अनिल और नवजोत की जोड़ी दूसरे स्थान पर रही। 70 प्लस डबल्स में कपिल और राहुल ने जीत दर्ज की, जबकि राजकुमार और अजितेश की जोड़ी उपविजेता बनी। इस अवसर पर उपायुक्त के सहायक आयुक्त राज कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं और क्षेत्र में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने जिस उत्साह और समर्पण के साथ भाग लिया, वह सराहनीय है।