फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: करयालग में बनेगा आधुनिक खेल मैदान, घुमारवीं के खिलाड़ियों को मिलेगी बड़ी सौगात

विज्ञापन
विज्ञापन
डेढ़ करोड़ रुपये होंगे खर्च, हिमुडा ने टेंडर प्रक्रिया की शुरू, फुटबाल, हॉकी, बास्केटबाल समेत कई खेलों की मिलेंगी सुविधाएं
विज्ञापन

स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा अभ्यास का बेहतर मंच

संजीव शामा
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं क्षेत्र के खिलाड़ियों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। करयालग में आधुनिक सुविधाओं से लैस बहुउद्देश्यीय खेल मैदान का निर्माण होगा। हिमाचल प्रदेश आवास एवं शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस मैदान के लिए टेंडर जारी कर दिया है। मौसम साफ होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
करयालग में बनने वाले इस खेल मैदान में फुटबाल, हॉकी, वॉलीबाल, बास्केटबाल, हैंडबाल सहित विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मैदान तैयार होने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे क्षेत्र के सैकड़ों खिलाड़ियों को अपने घर के पास ही बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। घुमारवीं में लंबे समय से बड़े खेल मैदान का अभाव खिलाड़ियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ था। क्षेत्र के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए हमीरपुर, बिलासपुर और अन्य स्थानों पर जाने को मजबूर थे। कई युवा पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने के कारण खेलों से दूरी बनाने लगे थे। स्कूलों, कॉलेजों और खेल अकादमियों से जुड़े खिलाड़ियों को भी नियमित अभ्यास के लिए उपयुक्त मैदान उपलब्ध नहीं हो पाता था। नए खेल मैदान के निर्माण से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक खेल अधोसंरचना मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और खिलाड़ी राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा घुमारवीं में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता भी खुलेगा, जिससे क्षेत्र की पहचान खेल गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित हो सकेगी। स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों ने इस परियोजना का स्वागत किया है। उनका कहना है कि वर्षों से क्षेत्र में आधुनिक खेल मैदान की मांग उठाई जा रही थी। अब टेंडर प्रक्रिया शुरू होने से उम्मीद जगी है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा और खिलाड़ियों को बहुप्रतीक्षित सुविधा मिल सकेगी। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

युवाओं को बेहतर मंच देना सरकार की प्राथमिकता : राजेश धर्माणी
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए खेल अधोसंरचना को लगातार मजबूत कर रही है। सरकार का प्रयास है कि गांव-गांव की प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाएं मिलें, ताकि हिमाचल के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें