ग्राम पंचायत धौन कोठी में कृषि विभाग की ओर से जागरूकता शिविर में मौजूद अधिकारी और अन्य। स्रोत:
- फोटो : टूंडला में अहोई अष्टमी पर बच्चों को तिलक लगाकर दीर्घायु की कामना करते माताएं संवाद
कृषि विभाग ने शिविर में उन्नत बीजों, मिट्टी परीक्षण और जैविक खेती की दी जानकारी
किसानों को फसल उत्पादन और आमदनी बढ़ाने पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत धौन कोठी में कृषि विभाग की ओर से जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। पंचायत प्रधान सपना देवी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को उन्नत बीजों, मिट्टी परीक्षण, जैविक खेती और खाद व कृषि दवाइयों के उचित इस्तेमाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शिविर में जिला उपनिदेशक कृषि डॉ. कुलभूषण धीमान, जिला कृषि अधिकारी राजीव, कृषि विकास खंड बिलासपुर के विषयवाद विशेषज्ञ रत्न लाल और सेवानिवृत्त उपनिदेशक कृषि धर्मपाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के साथ वैज्ञानिक पद्धतियों से खेती करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार खाद और उर्वरकों का इस्तेमाल करने तथा उन्नत बीजों का चयन करने से फसल उत्पादन में सुधार किया जा सकता है। साथ ही सरकार की ओर से किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। पंचायत प्रधान सपना देवी ने कृषि विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत का प्रयास है कि किसानों को नई तकनीकों, विभागीय योजनाओं और आधुनिक खेती की जानकारी उनके घर-द्वार पर उपलब्ध हो। कृषि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय बढ़ाने में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत भविष्य में भी कृषि विभाग के सहयोग से किसानों के हित में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करवाती रहेगी। शिविर में पंचायत उपप्रधान छोटा राम, वार्ड सदस्य लाल मन, कमलेश और शिमलु देवी सहित करीब 50 किसानों ने भाग लिया।