एनटीपीसी कोलडैम कंपनी के अधिकारी ततापानी,सुन्नी में जिम का उद्धघाटन करते हुए। स्त्रोत एनटीपीसी
एनटीपीसी कोलडैम ने तत्तापानी, सुन्नी में जिम का किया उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विकास, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एनटीपीसी कोलडैम ने सीएसआर योजना के तहत ग्राम कंडौला में स्मार्ट आंगनबाड़ी केंद्र, तत्तापानी और सुन्नी में ओपन जिम का उद्घाटन किया।
ग्राम पंचायत कंडौला में आयोजित कार्यक्रम में एनटीपीसी कोलडैम के अपर महाप्रबंधक सुरक्षा विकास गुरुरानी ने तत्तापानी और सुन्नी में स्थापित ओपन जिम का शुभारंभ किया। वहीं ग्राम कंडौला में स्मार्ट आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन अपर महाप्रबंधक हाइड्रो इंजीनियरिंग सचिन कुमार तोमर ने किया। एनटीपीसी कोलडैम की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों का व्यापक नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण किया गया। इसके तहत भवनों की मरम्मत, बिजली सुविधाओं का उन्नयन, रसोई घर और शौचालय का विकास सहित स्वच्छ पेयजल के लिए वाटर फिल्टर लगाए गए । बच्चों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए केंद्रों में स्मार्ट टीवी और वाई- फाई जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाकर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना और उनकी शिक्षा के स्तर में सुधार करना है। परियोजना का क्रियान्वयन एनटीपीसी कोलडैम के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने एनटीपीसी कोलडैम के जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।