चुवाड़ी के बल्ली में बना आधुनिक सामुदायिक भवन। संवाद
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी आज करेंगे लोकार्पण
विवाह शादियों के लिए गांव में ही मिलेगी भवन की सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। ग्राम पंचायत दकड़ी के अंतर्गत गांव चुवाड़ी के बल्ली में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया है। यह बहुप्रतीक्षित सामुदायिक भवन मंगलवार को प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री की ओर से क्षेत्रवासियों को औपचारिक रूप से समर्पित किया जाएगा।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहेंगे। लगभग 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह सामुदायिक भवन ग्रामीण अधोसंरचना को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। दो मंजिला स्वरूप में निर्मित इस भवन में तीन कमरे उपलब्ध हैं, जिनमें शौचालय एवं स्नानागार की समुचित सुविधा प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त भवन में 20 बाई 40 फीट का एक विशाल एवं सुविधायुक्त हॉल बनाया गया है, जो सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और निजी कार्यक्रमों के आयोजन के लिए पूरी तरह उपयुक्त रहेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि अब तक गांव में किसी उपयुक्त सामुदायिक स्थल के अभाव में धार्मिक अनुष्ठानों, विवाह शादी और अन्य निजी आयोजनों सहित अन्य सामाजिक गतिविधियों के लिए उन्हें शहरों का रुख करना पड़ता था। शहरों में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करना ग्रामीणों के लिए आर्थिक रूप से अत्यंत बोझिल साबित होता था। लंबे समय से ग्रामीणों की ओर से गांव में सामुदायिक भवन निर्माण की मांग उठाई जा रही थी, जिसे अब साकार रूप मिला है। इस सामुदायिक भवन के निर्माण से ग्रामीणों को न केवल कार्यक्रमों के आयोजन एवं अस्थायी ठहराव की सुविधा प्राप्त होगी, बल्कि यह भवन सामाजिक एकजुटता का भी केंद्र बनेगा। इसके साथ-साथ सामुदायिक भवन पंचायत के लिए आय का एक स्थायी स्रोत भी सिद्ध होगा, जिससे भविष्य में गांव के विकासात्मक कार्यों को नई गति मिलेगी। ग्राम पंचायत दकड़ी के प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इस सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार, तकनीकी शिक्षा मंत्री आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह भवन गांव के समग्र सामाजिक और सांस्कृतिक विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।