फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: घुमारवीं में स्टंटबाजी और मोडिफाइड साइलेंसर वालों पर हुई कार्रवाई

Mon, 12 Jan 2026 10:38 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
घुमारवीं क्षेत्र में सड़कों पर स्टंटबाजी और मोडिफाइड साइलेंसर के जरिए दहशत फैलाने वाले बाइक सवा
विज्ञापन
तेज रफ्तार, मोडिफाइड साइलेंसर वाली दो बाइकें जब्त, तीन फरार
विज्ञापन

पहचान छिपाने के लिए प्लास्टिक से ढकी थीं नंबर प्लेट

संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। घुमारवीं क्षेत्र में सड़कों पर स्टंटबाजी और मोडिफाइड साइलेंसर के जरिए दहशत फैलाने वाले बाइक सवारों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है। घुमारवीं से दधोल की तरफ तेज रफ्तार में हुड़दंग मचाते हुए निकले पांच बाइक सवारों में से पुलिस ने दो बाइकों को जब्त कर लिया है, जबकि तीन चालक मौके से भागने में कामयाब रहे। पकड़े गए बाइक सवार सुंदरनगर क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे घुमारवीं शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके से पांच बाइकें बेहद तेज आवाज (पटाखे छोड़ते हुए) और खतरनाक तरीके से गुजरीं। इन पर सवार युवक स्टंटबाजी कर रहे थे। एक बाइक पर युवक के साथ युवती भी सवार थी। पहचान छुपाने के लिए आरोपियों ने शातिराना तरीका अपनाया था कुछ बाइकों पर नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि कुछ की नंबर प्लेट को प्लास्टिक से ढका गया था। इन हुड़दंगियों की सूचना मिलते ही डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने तुरंत मोर्चा संभाला। उन्होंने थाना भराड़ी पुलिस को अलर्ट किया और दधोल चौक पर घेराबंदी के निर्देश दिए। चौक पर तैनात होमगार्ड जवान ने स्थिति को भांपते हुए स्थानीय दुकानदारों से मदद मांगी। जब ये बाइक सवार दधोल चौक पहुंचे, तो उन्होंने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। लेकिन होमगार्ड जवान और स्थानीय दुकानदारों ने उनका पीछा किया और करीब एक किलोमीटर दूर जाकर दो बाइकों को दबोच लिया। हालांकि, इस दौरान तीन अन्य बाइक चालक चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे। सूचना मिलते ही भराड़ी थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस जांच में पाया गया कि पकड़ी गई बाइकों पर न तो पीछे की नंबर प्लेट थी और न ही चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस या गाड़ी के कोई वैध दस्तावेज थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुंदरनगर (मंडी) क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस अब फरार हुए तीन अन्य साथियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

कोट
मॉडिफाइड साइलेंसर और खतरनाक तरीके से वाहन चलाना कानूनी अपराध है। जब्त की गई बाइकों पर नंबर प्लेट ढकी हुई थी, जो कि मोटर वाहन अधिनियम का गंभीर उल्लंघन है। फरार चालकों की पहचान की जा रही है। क्षेत्र में स्टंटबाजी और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। - विशाल वर्मा, डीएसपी घुमारवीं
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें