त्रिलोक जमवाल बोले- ग्रामीण विद्यार्थियों और छात्राओं की सुरक्षा व परिवहन का रखें ध्यान
प्रोस्पेक्टस के अनुसार आईटीआई में तीन शिफ्टों में लगेंगी कक्षाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर विधायक त्रिलोक जमवाल ने प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में लागू शिफ्ट व्यवस्था पर प्रदेश सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रोस्पेक्टस में आईटीआई को एक से तीन शिफ्टों में संचालित करने का प्रावधान किया गया है। शाम की शिफ्ट दोपहर एक से रात 8:30 बजे तक चलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के करीब 300 सरकारी और निजी आईटीआई में हजारों विद्यार्थी प्रशिक्षण ले रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की है। ऐसे में दूरदराज से आने वाले विद्यार्थियों के लिए देर शाम तक संस्थान में रहना और घर लौटना चुनौती बन सकता है। खासकर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को पर्याप्त व्यवस्था करनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि प्रदेश में कई एचआरटीसी रूट पहले ही प्रभावित हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को आने-जाने में परेशानी हो सकती है। शिफ्ट व्यवस्था के लिए पर्याप्त प्रशिक्षक, कर्मचारी, बिजली और मशीनरी भी जरूरी है। उन्होंने सरकार से स्पष्ट करने को कहा कि सभी आईटीआई में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं या नहीं।
त्रिलोक जमवाल ने बिलासपुर गर्ल्स आईटीआई बंद किए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कम छात्र संख्या को आधार बनाकर भविष्य में सरकारी आईटीआई बंद करना युवाओं के हित में नहीं होगा। उन्होंने शिफ्ट व्यवस्था पर पुनर्विचार और सुरक्षा व परिवहन की उचित व्यवस्था की मांग की।