एक साल पहले भवन के लिए विधायक निधि से मिला था पैसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत रोहल के भदोल गांव में विधायक जीतराम कटवाल ने सरस्वती महिला मंडल भदोल के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने करीब एक साल पहले इस भवन के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये विधायक निधि से दिए थे और एक साल के भीतर इसका निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया गया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि महिला मंडल की गतिविधियां चलाने के लिए महिलाओं को अब समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के बिना समाज की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। महिलाएं मां, बहन, बेटी व पत्नी सहित कई रूपों में समाज के हर क्षेत्र में अहम भूमिका निभाती हैं। देश और समाज के विकास के लिए महिलाओं का सामाजिक, आर्थिक व बौद्धिक विकास बेहद जरूरी है। महिलाओं का उत्थान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। इसी को देखते हुए उन्होंने एक साल पहले सरस्वती महिला मंडल भदोल के लिए भवन की जरूरत के आधार पर विधायक निधि से पांच लाख रुपये दिए थे और एक साल में यह भवन बनकर तैयार भी हो गया है। भवन बनने से महिला मंडल को अपनी गतिविधियों के आयोजन में काफी सुविधा होगी।