-पिछले दो साल से मेला कमेटी कर रही है प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)।
घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव में इस बार मिस कहलूर क्वीन प्रतियोगिता का आयोजन नहीं होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बनाई गई कमेटी ने इस बार इस प्रतियोगिता को नहीं कराने का फैसला लिया है। हालांकि, लगातार दो वर्ष से यह प्रतियोगिता मेले में आयोजित की जाती रही है, लेकिन आयोजकों ने निर्णय लिया है कि इस बार इस प्रतियोगिता का आयोजन नहीं किया जाएगा। बताते चलें कि पांच से नौ अप्रैल तक घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव में वर्ष 2022 में मिस कहलूर क्वीन प्रतियोगिता शुरू की थी। उसके बाद इसे 2023 में भी आयोजित किया गया। इस बार आयोजकों ने इस प्रतियोगिता को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में शामिल नहीं किया गया। गत वर्ष भी यह प्रतियोगिता काफी विवादों में रही थी, क्योंकि जो नियम इस प्रतियोगिता के लिए बनाए गए थे खुद आयोजकों ने उन नियमों का पालन नहीं किया था। इस वजह से इस प्रतियोगिता पर काफी विवाद रहा। इसे बंद करने की एक वजह यह भी मानी जा रही है कि इस प्रतियोगिता के आयोजन पर काफी पैसा और समय खर्च होता था। मेले की चार सांस्कृतिक संध्याओं में हर रोज इस प्रतियोगिता के लिए करीब आधा से पौना घंटा दिया जाता था। इस वजह से बाकी कलाकारों को पर्याप्त समय नहीं मिल पाता था। सबसे ज्यादा विवाद मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में इस प्रतियोगिता का फाइनल करवाए जाने पर होता था, क्योंकि प्रतियोगिता का फाइनल करवाने में काफी वक्त लग जाता, जबकि अंतिम सांस्कृतिक संध्या को स्टार नाइट के रूप में आयोजित किया जाता है। स्टार कलाकारों पर आयोजक लाखों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन पर्याप्त समय न मिलने के कारण पैसे की वसूली नहीं हो पाती थी। वहीं, दर्शक भी इस स्टार नाइट का पर्याप्त आनंद लेने से वंचित रह जाते थे। यही कारण है कि इस बार कमेटी ने मिस कहलूर क्वीन प्रतियोगिता को मेले में आयोजित न किए जाने का एक फैसला लिया है।
सर्वसम्मति से लिया निर्णय
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बनाई गई कमेटी ने बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है कि इस बार ग्रीष्मोत्सव में मिस कहलूर क्वीन प्रतियोगिता का आयोजन नहीं किया जाएगा।गौरव चौधरी उप मंडलीय अधिकारी,घुमारवीं