घुमारवीं में सीर खड्ड किनारे मछली पकड़ते बच्चे। संवाद
खड्ड में इन दिनों पानी का बहाव सामान्य से कहीं ज्यादा
पहले भी इस स्थान पर जा चुकी है कई बच्चों की जानें
पुलिस थाना से मात्र 200 मीटर दूरी पर खड्ड में बेखौफ उतरते हैं बच्चे
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं के साथ लगती सीर खड्ड इन दिनों खतरनाक रोमांच का केंद्र बन गई है। यहां कुछ नाबालिग अपनी जान जोखिम में डालकर खड्ड बीच मछलियाें का शिकार करने उतर रहे हैं। तेज बहाव वाले पानी में पत्थरों पर खड़े होकर घंटों तक मछलियां पकड़ने की यह खतरनाक गतिविधि किसी भी पल बड़ा हादसा करा सकती है।
जहां ये बच्चे खड़े रहते हैं, वहां चारों ओर गहरा पानी है, और जरा-सी फिसलन जानलेवा साबित हो सकती है। सीर खड्ड में इन दिनों पानी का बहाव सामान्य से कहीं ज्यादा तेज है। बावजूद इसके, कुछ बच्चे सुबह से शाम तक इस जोखिम भरे खेल में लगे रहते हैं। यह नजारा देखकर ग्रामीणों की सांसें थम जाती हैं, मगर प्रशासन और पुलिस दोनों ही इस स्थिति से पूरी तरह अनजान बने हुए हैं। सबसे हैरानी की बात यह है कि जहां ये बच्चे मछलियां पकड़ते हैं, वह स्थान पुलिस थाना घुमारवीं से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद मौके पर न तो किसी प्रकार की निगरानी की व्यवस्था है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। यह लापरवाही किसी भी समय गंभीर हादसे को जन्म दे सकती है। लोगों का कहना है कि सीर खड्ड क्षेत्र में इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाओं में बच्चों की जानें जा चुकी हैं। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सुरक्षा के दावे तो समय-समय पर किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति बेहद चिंताजनक है। ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि इस क्षेत्र में तुरंत प्रभाव से सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि कोई भी व्यक्ति या बच्चा इस तरह के जोखिम भरे कार्य में शामिल न हो। आसपास के लोगों ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें इस तरह की खतरनाक हरकतों से दूर रखें।