अब चाइल्ड वेलफेयर कमेटी करेगी कार्रवाई
बच्ची ने खुद लिखकर लगाए थे माता-पिता पर गंभीर आरोप,
स्कूल ड्रेस जलाने का भी था जिक्र, सोशल मीडिया बयान से बढ़ा विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग बच्ची की प्रताड़ना का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। कुछ समय पहले बच्ची ने अपने माता-पिता पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन ने बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर तीन दिन तक उसकी काउंसलिंग करवाई थी।
काउंसलिंग के बाद पांच सदस्यीय कमेटी ने बच्ची को माता-पिता के साथ घर भेज दिया और सख्त हिदायत दी थी कि बच्ची के साथ किसी भी तरह की प्रताड़ना न की जाए। मामला शांत होता दिख रहा था, लेकिन अब बच्ची के माता-पिता की ओर से सोशल मीडिया पर चाइल्ड वेलफेयर, पंचायत और पुलिस के खिलाफ बयानबाजी करने के बाद विवाद फिर गहरा गया है। माता-पिता का कहना है कि बच्ची ने कोई शिकायत नहीं की थी, बल्कि घर की एक महिला सदस्य ने चाइल्ड हेल्पलाइन पर कॉल की थी। वहीं सूत्रों का कहना है कि बच्ची ने अपने माता-पिता के खिलाफ खुद अपने हाथों से लिखित बयान पंचायत प्रतिनिधियों के सामने दिए थे। पंचायत उप प्रधान के अनुसार, बच्ची ने हेल्पलाइन को यह भी लिखा था कि उसकी स्कूल ड्रेस तक जला दी गई थी। इससे सवाल उठ रहा है कि क्या बच्ची को स्कूल जाने से रोका जा रहा था।
वेलफेयर विभाग ने भी अब अपने स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग के पास मामले से जुड़ी हर रिकॉर्डिंग, बयान और पंचायत प्रतिनिधियों के दस्तावेज मौजूद हैं। सोमवार को कमेटी की बैठक होगी, जिसमें पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा कर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
चाइल्ड वेलफेयर के जिला समन्वयक रविन्द्र ने बताया कि कमेटी सोमवार को इस मामले की पूरी समीक्षा करेगी। विभाग बिना शिकायत के किसी के घर नहीं पहुंचता। अगर कोई विभाग को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है, तो कार्रवाई तय है।