घुमारवीं में दिव्यागजनों को सहायक उपकरण देते मंत्री राजेश धर्माणी। स्रोत डीपीआरओ
दिव्यांग जनों की पहचान करने के लिए छोटे स्तर पर लगाए जाएंगे शिविर : धर्माणी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। घुमारवीं में जिला रेड क्रॉस सोसाइटी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और एलिम्को के सौजन्य से निशुल्क सहायता उपकरण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने घुमारवीं और झंडूता उपमंडल के 140 पात्र दिव्यांगजनों को एडिप और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें व्हीलचेयर, कान की मशीन और विशेष रूप से डिजाइन किए गए मोबाइल फोन सहित अन्य सहायक उपकरण शामिल रहे। मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को मुख्यधारा में शामिल करने और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दिव्यांगजनों को हर संभव सहायता मिले और वह आत्मनिर्भर बन सकें। प्रदेश सरकार ने समाज के पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई हैं, जिसमें विशेष रूप से मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना शामिल है। इसके तहत अनाथ बच्चों को प्रदेश सरकार ने गोद लिया है। इन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार उपमंडल स्तर पर एसेसमेंट कैंप लगाने का निर्णय ले चुकी है, जिससे दिव्यांगजनों की पहचान सही तरीके से की जा सके और उन्हें उनकी आवश्यकता अनुसार सहायक उपकरण प्रदान किए जा सकें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आगामी समय में यह एसेसमेंट कैंप छोटेे स्तर पर भी लगाए जाएंगे। इसमें कुछ ग्राम पंचायतें भी शामिल होंगी। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के पूर्व महासचिव विवेक कुमार, जिला परिषद सदस्य शालू राणावत, प्रमिला बसु, एसडीएम गौरव चौधरी, जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल, जिला दिव्यांग कल्याण संघ के अध्यक्ष विनोद और एलिम्को के प्रतिनिधि तुषार विशेष तौर पर उपस्थित रहे।