-ओल्ड जेएनवी बरठीं में हुई एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत शिक्षा खंड झंडूता के स्वयंसेवी शिक्षकों के लिए ओल्ड जेएनवी बरठीं में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने के लिए स्वयंसेवी शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
डाइट जुखाला के जिला नोडल अधिकारी राकेश ठाकुर ने नव भारत साक्षरता कार्यक्रम की योजना के बारे में सभी को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 साल से ऊपर के सभी निरक्षरों को साक्षर करने के लिए भारत सरकार की यह योजना है, जिसमें उन्हें बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान प्रदान किया जाना है। निरक्षर लोगों को पढ़ाने के लिए एससीईआरटी सोलन द्वारा तैयार की गई किताबें स्वयंसेवी अध्यापकों के साथ साझा की गईं। स्वयंसेवी शिक्षकों के साथ निरक्षरों को पढ़ाने के लिए शैक्षणिक गतिविधियों की चर्चा की गई। उन्होंने स्वयंसेवी शिक्षकों से आग्रह किया कि चिन्हित किए गए शिक्षार्थियों को पढ़ाई कराने का कार्य जारी रखें। ताकि वह मार्च में होने वाली परीक्षा में भाग ले सकें। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार मार्च तक 50 प्रतिशत शिक्षार्थियों के शिक्षण कार्य के पश्चात उनका परीक्षण किया जाना है। उन्होंने कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षण प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षणार्थियों को भी इस कार्यक्रम के साथ जुड़ने का आह्वान किया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर के रूप में डाइट समन्वयक कुलदीप सिंह और ममता कुमारी ने उनके साथ कार्यक्रम को आधारभूत स्तर पर संचालित करने व लोगों को साक्षर करने बारे प्रेरित किया।