भगेड़ (बिलासपुर)। खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने हटवाड़ पंचायत के दायरा गांव के रिवाल ताल में टैंकर से पानी आपूर्ति के निर्देश दिए हैं। ताल में पानी की कमी से तीन दिन पूर्व बड़ी संख्या में मछलियां मर गई थी। इस मामले में बुधवार को खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग दायरा गांव पहुंचे और उन्होंने जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को रिवाल ताल में पानी की वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने रिवाल ताल के नजदीक कई दिनों से बंद पड़े हैंडपंप की फ्लशिंग करने के भी निर्देश दिए। जलशक्ति विभाग की टीम ने मौके पर हैंडपंप फ्लशिंग मशीन पहुंचा दी है। खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग के दिशानिर्देशानुसार रिवाल ताल में पानी के टैंकर डाले जा रहे हैं। कुछ दिन पूर्व छंजयार स्थित एक तालाब में भी मछलियों के मरने का सिलसिला शुरू हो गया था। राजेंद्र गर्ग ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि इस तालाब में समय-समय पर पानी डाला जाए। ताकि मछलियों को बचाया जा सके। जानकारी के अनुसार छंजयार स्थित इस तालाब में लगातार पानी डाला जा रहा है। इसके चलते वहां पर मछलियों के मरने का सिलसिला बंद हो चुका है। इस अवसर पर जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता रविंदर रणौत सहित कर्मचारी मौजूद रहे।