बिलासपुर। पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईयू) ने बुधवार को लखनपुर में चिट्टे की खेप सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एसआईयू को यह सफलता चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाए नाके के दौरान मिली है। नाकाबंदी के दौरान एक कार में बैठे दो लोगों से 140 ग्राम चिट्टा बरामद किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम के एचसी अनिल कुमार, कांस्टेबल राजेश कुमार और कांस्टेबल मनीष कुमार ने लखनपुर में नाका लगाया था। टीम वहां से आवाजाही करने वाले वाहनों की तलाशी ले रही थी। इस दौरान एक लाल रंग की आल्टो कार नौणी से लखनपुर पहुंची। पुलिस की टीम ने कार के चालक को रोका। वहीं, पुलिस को देखकर कार चालक और उसका साथी घबरा गए। पुलिस ने संदेह के आधार पर कार की तलाशी ली। जिस पर कार में 140 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चिट्टे की कीमत करीब लाख रुपये बताई जा रही है। उधर, डीएसपी राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने लखनपुर में 140 ग्राम चिट्टे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार किए हैं।
आरोपियों की पहचान हिमांशु (29) निवासी हाउस नंबर 228 डियारा सेक्टर वार्ड संख्या 10, रघुवीर सिंह उर्फ फोर्टी(33) लाल हाउस नंबर 198 डियारा सेक्टर वार्ड संख्या 10 बिलासपुर के रूप में हुई है। कहा कि दोनों के खिलाफ सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। बताया कि इन्हें वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इनसेट
नशा माफिया के खिलाफ मुहिम जारी : डीएसपी
एसपी दिवाकर शर्मा की अगुवाई में नशा माफिया पर शिकंजा कसने के लिए मुहिम चलाई गई है। मंगलवार को 5 किलो अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार किए हैं। उन्हें 7 जून तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वहीं, बुधवार को पुलिस टीम को चिट्टे की बड़ी खेप हाथ लगी है। पुलिस पता लगाएगी कि आरोपी कहां से यह खेप लेकर आए और कहां पहुंचानी है।
राजकुमार, डीएसपी बिलासपुर