बच्चों के बीच बैठकर किया संवाद, एनटीपीसी के सीएसआर कार्यों को सराह
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने शुक्रवार को कोलडैम परियोजना के दौरे के दौरान धार जमथल स्थित आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। सीएसआर फंड से विकसित इस केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन करने के साथ उन्होंने बच्चों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से भी बातचीत की।
मंत्री ने कहा कि कोलडैम परियोजना ने क्षेत्र के नौ आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया है। केंद्रों में स्मार्ट टीवी, वाटर प्यूरीफायर, झूले और बच्चों के खेलकूद से जुड़ी अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक साबित होंगे। इसके बाद मंत्री ने प्राथमिक पाठशाला जमथल का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछे और उनके साथ बैठकर बातचीत की। इस दौरान बच्चों की रुचियों और स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली। दौरे के अंत में मंत्री ने कोलडैम परियोजना के विश्राम गृह परिसर में अर्जुन का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।