-90 वर्षीय जुध्या देवी मेले में खुद खाना बनाकर जरूरतमंदों को खिला रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। घुमारवीं में चल रहे ग्रीष्मोत्सव में लंगर लगाकर लोगों को मुफ्त खाना खिलाने वाली 90 वर्षीय जुध्या देवी के हौसले को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी सराहा है। शनिवार को घुमारवीं दौरे पर पहुंचे अनुराग ठाकुर ने भी बुजुर्ग महिला के हौसले की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए एक मिसाल बताया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि घुमारवी में 90 वर्ष की एक बुजुर्ग महिला अपनी बुढ़ापा पेंशन को खर्च कर राशन ल रही हैं और खुद खाना बनाकर लोगों को मुफ्त में खाना खिला रही हैं। उनके हौसले और जज्बे को बधाई दी। गौर हो कि मोरसिंघी के डिहर गांव की जुध्या देवी 90 वर्ष की आयु में भी समाज सेवा कर रही हैं। जुध्या देवी के पति बार्बर का काम करते थे। करीब 28 वर्ष पहले पति का देहांत हो गया था। जुध्या देवी के मुताबिक उसके दो बेटे जन्म होते ही चल बसे थे। जिंदगी का पल-पल अकेले काटे। जीवन व्यर्थ न जाए इसके लिए उसने लोगों को खाना खिलाने के काम शुरू किया। घुमारवीं मेले में दो साल से मुफ्त खाना खिला रही हैं। इसके अलावा मोरसिंघी के नजदीक होने वाले मेले में भी वह खाना मुफ्त में खिलाती हैं। अन्य कई लंगरों में जाकर वह सेवा करती आ रही हैं।