गाड़ी से बरामद हुए गैस स्टोव और एलईडी टीवी
आबकारी एवं कराधान विभाग ने ठोका आठ हजार का जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं बाजार में शनिवार को लॉटरी के नाम पर ठगी करने आए प्रवासी व्यक्तियों को स्थानीय लोगों ने दबोच लिया। संदेह होने पर लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और तुरंत अधिकारियों को सूचना दी।
मौके पर पहुंची आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने जब गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें गैस स्टोव और एलईडी टीवी सहित कई तरह के सामान बरामद हुए। आरोपियों से जब बिल और वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी कागजात पेश नहीं कर सके। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्तियों ने खुद को लॉटरी सिस्टम के तहत इनाम बांटने वाला बताया। लेकिन यह खेल पूरी तरह फर्जी निकला। दरअसल, लोगों को आकर्षक इनाम का लालच देकर सस्ता और खराब सामान देकर ठगने की योजना बनाई गई थी। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से यह ठगी पकड़ में आ गई। घटना की सूचना मिलते ही खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान गाड़ी उत्तर प्रदेश में पंजीकृत पाई गई। इसके बाद विभागीय टीम ने आरोपियों के ठहरने वाले स्थान पर भी छापा मारा, जहां से और भी सामान बरामद किया गया।
कोट
बिना बिल के सामान बेचने की शिकायत पर विभाग ने मौके पर कार्रवाई की। पकड़े गए व्यक्तियों ने जब कोई वैध बिल प्रस्तुत नहीं किया, तो विभाग ने उन पर आठ हजार रुपये का जुर्माना लगाया। फिलहाल गाड़ी और बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
विकास ठाकुर, असिस्टेंट कमिश्नर, आबकारी कराधान विभाग, घुमारवीं