- लखवानी बस्ती के वरिष्ठ नागरिकों ने दी थाने में शिकायत
-बोले-रात 8 बजे के बाद घर से बाहर निकलना है मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के तहत वार्ड नंबर चार के लखवानी बस्ती के लोगों ने थाना प्रभारी घुमारवीं को एक शिकायत पत्र दिया है। इसमें लोगों ने वहां झुग्गी झोपड़ियां बनाकर रह रहे कुछ प्रवासी लोगों द्वारा रोज रात को शराब पीकर गाली-गलौज करने व हुड़दंग मचाकर शांति भंग करने का आरोप लगाया है।
बस्ती के वरिष्ठ नागरिकों ने शिकायत दी है कि पिछले कुछ समय से बस्ती में करीब 50 प्रवासी लोग झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। यह अक्सर रात को शराब पीकर गाली-गलौज, लड़ाई-झगड़ा और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। इससे वहां रह रहे स्थानीय लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। इनके साथ ही स्कूल, कॉलेज जाने वाले बच्चों का पढ़ाई करना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों की शिकायत है कि इनके रोज के लड़ाई-झगड़े के कारण लोगों का रात 8:00 बजे के बाद घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। यहां तक कि लोग अपने बच्चों के साथ घर की छत्तों पर टहलने तक नहीं निकाल सकते हैं। न ही रात को चैन की नींद सो सकते हैं। यह भी शिकायत है कि यह लोग कबाड़ जलाने के लिए दिन रात आग जलाते हैं। इससे सारा दिन वातावरण प्रदूषित बना रहता है। इस जहरीले धुएं से स्थानीय लोगों के मकान खराब होने के साथ ही बच्चों, बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। अगर कोई इन्हें लड़ाई झगड़ा करने से रोकने जाता है तो यह मारने को दौड़ते हैं। लोगों की शिकायत है कि यह प्रवासी कबाड़ का काम करते हैं। कबाड़ के बड़े-बड़े ढेर इन्होंने स्थानीय लोगों के मकान के साथ, रास्ते में लगा रखे हैं। इससे लोगों का वहां से आना-जाना भी मुश्किल हो गया है। यही कारण है कि इन वरिष्ठ नागरिकों द्वारा उपरोक्त प्रवासियों को स्थानीय लोगों के रिहायशी मकानों से दूर बसाए जाने की मांग की है, ताकि स्थानीय लोग राहत की सांस ले सकें।