शहरी क्षेत्र में खाद्य निरीक्षक, ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत सचिव के पास करें आवेदन
-जिले में अभी तक 60 श्रमिकों के बन चुके हैं राशन कार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में प्रवासी मजदूरों को उचित मूल्य की दुकान से सस्ती दरों पर राशन की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए प्रवासी शहरी क्षेत्र में खाद्य निरीक्षक और ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत सचिव के पास आवेदन कर सकते हैं। जिले में अभी तक 60 श्रमिकों के राशन कार्ड बन चुके हैं। यह जानकारी जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले अधिकारी बिजेंद्र पठानिया ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार अब प्रवासी मजदूरों जिनके ई-श्रम कार्ड बने हैं, लेकिन अभी तक राशन कार्ड नहीं बने हैं, उनको उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से सस्ती दरों पर राशन प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि प्रवासी मजदूर जो जिले में काम के लिए प्रवास पर हैं या जो मजदूर हिमाचल से ही संबंध रखते हैं व जिनका अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है और जो मजदूर ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत हैं, उनका खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग और संबंधित पंचायत द्वारा राशन कार्ड बनाया जाएगा। इसमें उन्हें उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से उचित दरों पर राशन मुहैया करवाया जाएगा। इससे मजदूरों को काफी राहत व सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड के आवेदन के लिए शहरी क्षेत्र में संबंधित निरीक्षक और ग्रामीण क्षेत्र में संबंधित पंचायत सचिव के पास आवेदन करें। इसके लिए उन्हें आधार कार्ड व श्रमिक कार्ड आवेदन पत्र के साथ संलग्न करना होगा। यदि किसी लाभार्थी को इसके बारे में किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो वह 01978-222349 नंबर पर संपर्क कर सकता है या खंड में कार्यरत विभाग के निरीक्षक से भी संपर्क कर सकता है।