लुहणू मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में नशा मुक्ति संकल्प के तहत बोर्ड पर साइन करते उपाय
बिलासपुर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने करवाई एक दिवसीय प्रतियोगिता
खिलाड़ियों ने नशे से दूर रहने का लिया संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से रविवार को बिलासपुर में एक दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों ने खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस दौरान उपायुक्त राहुल कुमार ने भी भाग लिया। प्रतियोगिता में चार टीमों ने हिस्सा लेना था, लेकिन बारिश के कारण अन्य मुकाबले नहीं हो सके।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला डीसी इलेवन और प्रेस इलेवन के बीच खेला गया। इसमें डीसी इलेवन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रेस इलेवन को 20 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डीसी इलेवन ने निर्धारित 12 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेस इलेवन की टीम निर्धारित ओवरों में छह विकेट खोकर 106 रन ही बना सकी। इस तरह डीसी इलेवन ने 20 रन से जीत दर्ज की। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच मुकाबले के साथ नशामुक्ति को लेकर जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस दौरान नशा मुक्ति संदेश से संबंधित बोर्ड पर हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान, एसडीएम सदर राजकुमार, एसडीएम झंडूता अर्शिया शर्मा, डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान, जिला क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता सहित अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे।