स्वारघाट (बिलासपुर)। रविवार को स्वारघाट पुलिस ने पश्चिमी बंगाल के आमतला गांव में रहने वाले मानसिक रूप से बीमार 28 वर्षीय युवक को परिवार से मिलाने में महत्वपूर्ण कड़ी का काम किया। उक्त युवक के परिवार वाले उसे लेने के लिए घर से निकल गए हैं और सोमवार देर शाम तक स्वारघाट पहुंच जाएंगे।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर के समय पुलिस थाना स्वारघाट को सूचना मिली कि एक युवक अपने सारे कपड़े उतारकर होटल हिल टॉप के समीप हाईवे पर भटक रहा है। जिसके बाद एएसआई रविंद्र कुमार व उनकी टीम मौके पर गई तो उक्त युवक हाईवे किनारे बनी नाली में छिपने लगा।
पुलिस टीम ने युवक को नाली से निकालकर पुलिस थाना पहुंचाया और युवक को नहलाने के बाद नए कपड़े और चप्पल पहनाकर खाना खिलाया। एएसआई रविंद्र कुमार बंगाली भाषा की जानकारी रखते थे तो उन्होंने युवक से बंगाली में अपना नाम-पता लिखने के लिए कहा।
उनके कहने पर युवक ने बंगाली में अपना नाम-पता ही नहीं बल्कि अपने परिवार के सभी सदस्यों के नाम भी लिखे और अपने भाई अफराज शेख का मोबाइल नंबर भी लिखा। जिसके बाद एएसआई रविंद्र कुमार ने उसके भाई से फोन पर बात की। परिजनों ने बताया कि मानसिक रूप से बीमार इस युवक का नाम अजहरुद्दीन शेख पुत्र शलाम शेख है और यह गांव आमतला डाकघर गोदोवाली बेस्ट बंगाल का रहने वाला है।
भाई ने बताया कि अजहरुद्दीन शेख करीब दो महीने पहले घर से लापता हो गया था। परिजनों ने पुलिस थाना विशनुपूरा में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई है। भाई अफराज शेख ने स्वारघाट पुलिस का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनका परिवार अजहरुद्दीन को लेने के लिए घर से निकल गया है। कल रात तक परिजन स्वारघाट पहुंच जाएंगे।