तलाई में आयोजित जलशक्ति विभाग की बैठक में मौजूद अधिकारी व कर्मचारी। संवाद
तलाई में हुई जल शक्ति विभाग की बैठक, तीन दिन में शिकायत निपटाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। जल शक्ति विभाग अनुभाग तलाई की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता सहायक अभियंता उप मंडल कलोल इकबाल शेख ने की। बैठक में कनिष्ठ अभियंता मुनिश भारद्वाज सहित विभाग के कर्मचारी मौजूदग रहे।
पेयजल व्यवस्था को सुचारु और बेहतर बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि हर घर, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। पानी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित क्लोरीनेशन और निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। सहायक अभियंता ने कहा कि सभी पेयजल योजनाओं का नियमित संचालन और रखरखाव किया जाए। जलस्रोतों, भंडारण टैंकों, हैंडपंपों और पंप हाउस की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही 1100 हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों का तीन दिन के भीतर निपटारा करने को कहा गया।
उन्होंने राइजिंग मेन, ग्रेविटी मेन और वितरण पाइप लाइनों में लीकेज को तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए। जल भंडारण टैंकों पर सफाई की तिथियां अंकित करने, टैंकों को ढक्कन व ताले से सुरक्षित रखने तथा रिकॉर्ड मेंटेन करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कर्मचारियों को लाभार्थियों से सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने और उनकी फोन कॉल का समय पर जवाब देने को भी कहा गया। वाटर डिस्ट्रिब्यूशन बुक और पंप हाउस लॉगबुक का नियमित रूप से संधारण करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर विभाग के पंप ऑपरेटर, पंप अटेंडेंट, पैरा स्टाफ, पंचायत जल रक्षक, मल्टी पर्पज वर्कर और आउटसोर्स कर्मचारी उपस्थित रहे।