नागरिक डे केयर केंद्र डियारा में विद्युत पेंशनरों ने बैठक में उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन बिलासपुर इकाई की मासिक बैठक वरिष्ठ नागरिक डे केयर केंद्र डियारा में हुई। इसकी अध्यक्षता अध्यक्ष इं. बीआर भाटिया ने की।
इस दौरान महासचिव बंसी राम ठाकुर ने 9 मार्च को धर्मशाला में हुई राज्य कार्यकारिणी की बैठक की विस्तार से जानकारी दी। पेंशनर ने 70 से 75 साल की आयु वर्ग और 75 साल से अधिक आयु वालों को एरियर का कुछ अंशदान देने पर सरकार व विद्युत प्रबंधक वर्ग का आभार व्यक्त किया। पेंशनरों ने सरकार से अनुरोध किया कि छठे वेतन आयोग की बकाया राशि का बजट में प्रावधान करें। महंगाई भत्ते का एरियर, मेडिकल बिलों का भुगतान शीघ्र करे। आउटसोर्स कर्मचारियों के बारे में नीति बनाए। बैठक में हरि कुमार गुप्ता, सीताराम ठाकुर, मस्तराम, जोधाराम, सुखराम, सरदार रछपाल सिंह, मदन पाल, निक्काराम, गुरुदेव कौशल, सुरेश, चंद शर्मा, रोशन लाल, अनिल कुमार आदि उपस्थित रहे।