फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: गतवाड़ पंचायत में प्रवासी मजदूरों का पंजीकरण अनिवार्य

विज्ञापन
विज्ञापन
कहा, बिना अनुमति फेरी लगाने वालों पर होगी कार्रवाई
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उपतहसील भराड़ी की ग्राम पंचायत गतवाड़ में बैठक के दौरान प्रवासी मजदूरों के पंजीकरण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। पंचायत प्रधान सुनील कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में रह रहे प्रवासी मजदूर और उनके साथ रहने वाले परिवार के सदस्य 10 अगस्त तक पंचायत कार्यालय गतवाड़ में अपना पंजीकरण अनिवार्य रूप से करवाएं।
प्रधान सुनील कुमार ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर आजीविका कमाने के लिए आते हैं, लेकिन अधिकांश लोग अपनी पूरी जानकारी पंचायत के पास दर्ज नहीं करवाते। उन्होंने कहा कि सभी को रोजगार और आजीविका कमाने का अधिकार है, लेकिन सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए सही रिकॉर्ड पंचायत के पास होना भी आवश्यक है। पंजीकरण के माध्यम से पंचायत को यह भी जानकारी मिल सकेगी कि पिछले वर्ष की तुलना में वर्तमान में प्रवासी मजदूरों की संख्या कितनी है।
विज्ञापन

पंचायत उपप्रधान अजय शर्मा ने कहा कि प्रदेशभर में प्रवासी मजदूरों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि पंचायतों के पास उनका कोई प्रमाणित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होता। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों और बढ़ते अपराधों को देखते हुए पंचायत ने निर्णय लिया है कि क्षेत्र में कार्यरत और अपने परिवार के साथ रहने वाले सभी प्रवासी मजदूरों, चाहे वे वयस्क हों या बच्चे, का पंजीकरण अनिवार्य होगा। उन्होंने सभी प्रवासियों से 10 अगस्त से पहले पंचायत कार्यालय पहुंचकर अपना पंजीकरण करवाने की अपील की।
विज्ञापन

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पंचायत क्षेत्र में फेरी लगाने वाले लोगों को भी स्थानीय पुलिस थाना और पंचायत से आवश्यक अनुमति प्राप्त करनी होगी। यदि कोई व्यक्ति बिना वैध दस्तावेज या अनुमति के फेरी लगाते पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला परिषद सदस्य रक्षा कपिल, बीडीसी सदस्य मोनिका शर्मा, वार्ड सदस्य यशपाल शर्मा, प्रियंका, सोनिका, नरेंद्र शर्मा, मंजीत कुमारी, नीरज कुमार, रीना कुमारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें