बिलासपुर। बिलासपुर के अतिरिक्त उपायुक्त डॉक्टर निधि पटेल की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारी की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। 18 फरवरी को सरकार गांव के द्वारा कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री का कलोल दौरा प्रस्तावित है।
उन्होंने विभिन्न विभागों को कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों की जानकारी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग एवं जल शक्ति विभाग के अंतर्गत होने वाले शिलान्यास एवं उद्घाटन के संबंध में जानकारी तत्काल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम क्षेत्र की सभी व्यवस्थाओं, कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी को समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सहायक आयुक्त नरेंद्र अहलूवालिया, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग जीतराम, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग राहुल दुबे, उप मंडल अधिकारी झंडूता योगराज धीमान एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।