झूलों के लिए अलग स्थान, भीड़ प्रबंधन पर रहेगा फोकस
सीर खड्ड चेकडैम पर लगेंगी रेलिंग, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव मेला घुमारवीं के आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसडीएम गौरव चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान एसडीएम ने कहा कि ग्रीष्मोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इसके आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा, ताकि मेले में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक में जानकारी दी गई कि ग्रीष्मोत्सव मेला 5 से 9 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। मेले में विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय व्यापारियों और अन्य प्रतिभागियों के लिए प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक व्यक्ति व संस्थाएं 30 मार्च तक तहसील कार्यालय घुमारवीं में संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्लॉट आवंटन पूरी तरह नियमों के तहत और पारदर्शी तरीके से किया जाएगा, ताकि सभी पात्र लोगों को समान अवसर मिल सके। मेले के सफल संचालन को लेकर सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, बिजली और यातायात प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विभागवार जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह धरातल पर सुनिश्चित कर ली जाएं।
एसडीएम ने विशेष रूप से स्वच्छता व्यवस्था, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन पर ध्यान देने को कहा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने। इस बार मेले में बड़े और छोटे झूलों के साथ अन्य मनोरंजन गतिविधियों के लिए पुल के समीप अलग स्थान चिह्नित किया गया है। मेला ग्राउंड से उस स्थान तक लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए विशेष मार्ग विकसित किया जाएगा, जिससे भीड़ का दबाव मुख्य स्थल पर कम किया जा सके। सीर खड्ड में बने चेकडैम के दोनों ओर रेलिंग लगाने का भी निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य मेले के दौरान लोगों की आवाजाही को सुरक्षित बनाना है। प्रशासन ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए हैं कि यह कार्य समय रहते पूरा किया जाए। बैठक के अंत में एसडीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आकर्षक बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।