बिलासपुर। जलशक्ति, राजस्व, बागवानी एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। मंत्री ने कहा कि राजस्व मामलों से संबंधित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए राजस्व अधिकारी लोगों के बीच जाएं। उनकी समस्याओं को सुनें ताकि उन्हें बार-बार तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़े।
उन्होंने राजस्व अधिकारियों से कहा कि लोगों को बेहतर से सुविधाएं प्रदान करने के लिए कार्य में तेजी लाएं। प्रदेश सरकार राजस्व मामलों की प्रक्रिया को सरलीकरण करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने समस्त राजस्व अधिकारियों से सहयोग का आह्वान किया। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों से निसंकोच अपने सुझाव देने को कहा। उन्होंने कहा कि इंतकाल, सीमांकन एवं पारिवारिक, हिस्सेदारी के हस्तांतरण इत्यादि प्रक्रिया में लगने वाले समय को कम करने के लिए भी अपने सुझाव अवश्य दें।
उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग सीधे तौर पर आम लोगों से जुड़ा हुआ है और राजस्व विभाग के अधिकारी लोगों के राजस्व संबंधी मामलों को बिना देरी किए तुरंत निपटाए। इस अवसर पर विभाग से संबंधित 23 मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जिला में पटवारियों की नियुक्तियों की जाएगी। जलशक्ति विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत जिला में कुल स्वीकृत 36 योजनाओं पर 181 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत जिला बिलासपुर में जून 2021 तक हर घर में नल से शुद्ध जल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। जिला के समस्त आंगनबाड़ी, बाल वाड़ी, सरकारी स्कूल, निजी स्कूल, ओल्ड एज होम इत्यादि में 25 दिसंबर 2020 तक पूर्ण रूप से सुचारु पेयजल सुविधा उपलब्ध करवा दी जाएगी।