घुमारवीं(बिलासपुर)। उपमंडलाधिकारी घुमारवीं शशिपाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने तथा उनकी अधिकतर समस्याओं का समाधान मौके पर करने के उद्देश्य से जनमंच कार्यक्रम का आरंभ किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याओं का घरद्वार पर निपटारा सुनिश्चित किया जाता है। एसडीएम घुमारवीं विधानसभा की राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला भराड़ी के प्रांगण में 2 फरवरी 2020 को आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम के तहत प्री-जनमंच गतिविधियों के तहत आयोजित शिविरों की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने घंडालवीं और मरहाणा पंचायतों के लोगों से आग्रह किया कि अपनी समस्याओं व शिकायतों से संबंधित आवेदन पत्र 28 जनवरी तक अपने पंचायत सचिवों के पास देना सुनिश्चित करें ताकि उन्हें ऑनलाइन पंजीकृत कर जनमंच कार्यक्रम से पूर्व उनका समाधान किया जा सके।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 2 फरवरी 2020 को राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला भराड़ी के प्रांगण में आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम के लिए चिह्नित पंचायतों के लोगों को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जागरूक करने के लिए प्री -जनमंच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ओर से संबंधित विभागों के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर आम लोगों को जागरूक करके उन्हें इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि घंडालवीं से 8 और मरहाणा पंचायत से 5 शिकायत पत्र प्राप्त हुए तथा मौके पर ही राजस्व विभाग द्वारा 3 इंतकाल, 6 विभिन्न प्रमाण पत्र, 1 शपथ पत्र किए गए और घंडालवीं पंचायत में 50 आधार कार्ड अपडेट किए गए तथा आयुष्मान भारत योजना के कुल 36 कार्ड, हिमकेयर योजना के 8 कार्ड बनाए गए। पंचायतीराज विभाग द्वारा 19 परिवार नकल व जन्म प्रमाणपत्र जारी किए गए। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाई जा रही सहारा योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त करने के लिए 18 नागरिकों ने आवेदन किया।
इनसेट....
जनमंच में लगेंगे निशुल्क स्वास्थ्य शिविर
2 फरवरी 2020 को राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला भराड़ी में जनमंच कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक व होम्योपैथी विभाग की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा जिसमें लोगों के स्वास्थ्य की जांच के अतिरिक्त निशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी।